
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के बड़ियागाजाड़ गांव के पास सरकार द्वारा निर्मित कैनाल इन दिनों किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है. कैनाल में जमा पानी से आसपास के गांवों के किसान निजी स्तर पर पम्प चलाकर गर्मा धान की खेती कर रहे हैं. केनाल किनारे अपनी भूमि पर गर्मा धान की खेती कर रहे किसान मन्मथ महतो ने कहा कि वह कैनाल से मोटर चलाकर अपनी दो बीघा जमीन में गर्मा धान की खेती कर रहे हैं. मोटर चलाने में रोजाना दो लीटर डीजल की खपत होती है. मन्मथ महतो ने बताया कि पम्प चलाकर कैनाल से पानी खींचकर दो बीघा जमीन में किए गर्मा धान के बिचड़े की सिंचाई कर फसल को बचाने का प्रयास कर रहे हैं. सिंचाई के लिए दूसरा कोई विकल्प नहीं है. इस कारण वह कैनाल से मोटर चलाकर अपनी फसल की सिंचाई कर रहे हैं, ताकि फसल बच सके और अच्छी हो.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सरकार द्वारा अगर सिंचाई की व्यवस्था कराई जाए तो इससे किसानों को अपनी फसल की सिंचाई करने में काफी सहूलियत होगी और परती पड़ी भूमि पर किसान सालों भर खेती कर लाभान्वित हो पाऐंगे. सिंचाई की कमी के कारण क्षेत्र के किसान बरसात में सिर्फ साल में एक ही फसल की खेती करते हैं. किसान सिंचाई के लिए पूर्ण रूप से मानसून पर निर्भर हैं, जिस कारण अधिकांश भू-भाग सिंचाई की कमी के कारण परती पड़ा रहता है. किसानों के हित में किसी भी जन प्रतिनिधि और पदाधिकारी ने ध्यान नही दिया हैं, जिस कारण आज भी किसान परिवार काफी पिछड़े हुए हैं.


















