चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की कालापाथर पंचायत के गोहालडीह गांव में पिछले दिनों हाथियों के उत्पात से त्रस्त सबर परिवार सुरक्षा के दृष्टिकोण से परिवार समेत अपने रिश्तेदार के घर पलायन कर गये हैं. हाथियों को गांव से वन विभाग के पदाधिकारी और कर्मियों ने दूर भगा दिया है, परंतु गोहालडीह के कई सबर परिवार पलायन करने के 4-5 दिन बाद भी अपने घर नही लौटे हैं. गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने बताया कि हाथी द्वारा एक बच्ची समेत तीन ग्रामीणों को मार डाला गया. उसके बाद भी कुछ घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. इस तरह हाथियों के उत्पात से ग्रामीण आज भी भयभीत हैं. उन्होंने कहा कि हाथियों का खोफ लोगों में इस कदर बैठ गया है कि गांव छोड़कर गये सबर परिवार गांव लौटने का नाम नहीं ले रहे हैं. आज भी कई सबर परिवार गांव से दूर अपने रिश्तेदारों के घर में रह रहे हैं.







