
चाकुलिया : विधायक समीर महंती ने चुनाव जीतने के बाद गुरूवार को पहली बार आपने आवास पर ग्रामीणों के साथ बैठक की. इस क्रम में वह ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए. प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने बिजली, वृद्धा पेंशन समेत अन्य समस्याओं से अवगत कराकर जल्द समाधान कराने की मांग की. श्री महंती ने पेंशन से वंचित वृद्ध-वृद्धा के अपने आवास पर ही पेंशन फार्म भरवाया. साथ ही कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता फार्म भरकर प्रखंड कार्यालय में जमा कर पेंशन से वंचित वृद्ध-वृद्धा को पेंशन दिलाने का प्रयास करेंगे. बैठक में महुलबनी गांव के किसान ने कहा कि गांव में सिंचाई के लिए डीप बोरिंग का निर्माण कराया गया है, परंतु बिजली का संयोजन नहीं हुआ है और न ही ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया है. बिजली नहीं होने के कारण गांव के किसान खेती करने से वंचित हो रहे हैं. इस पर विधायक ने बिजली विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी से बात कर गांव में जल्द ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की बात कही. साथ ही कहा कि गांव में विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर उपलब्ध करायें और बिजली का संयोजन दें, ताकि किसान खेती कर स्वावलंबी बन सकें. बैठक में अपू महतो, राजा बारिक, मिथुन कर, चुनु माहली, बलराम महतो समेत अन्य उपस्थित थे.







