
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्ड में विगत कई माह से जुस्को द्वारा पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि कम्पनी द्वारा मनमाने ढंग से नपं क्षेत्र में पाइप लाइन बिछायी जा रही है. स्थानीय लोगों ने सोमवार को बिना सूचना दिये पुराना बाजार स्थित बिरसा चौक स्थित मुख्य सड़क पर खुदाई का काम किये जाने का विरोध करते हुए कार्य को बंद करा दिया और इसकी शिकायत जन प्रतिनिधियों से की. लोगों की शिकायत पाकर नपं जन प्रतिनिधियों ने कार्य स्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली. लोगों ने कहा कि झारखंड का सबसे बड़ा पर्व मकर करीब है. पर्व को लेकर बाजार में खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती है. सड़क काटे जाने से सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी. लोगों की शिकायत पाकर जन प्रतिनिधियों ने नपं के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद ओझा से मिलकर जुस्को की शिकायत की. जन प्रतिनिधियों ने कहा कि कम्पनी द्वारा विभाग से आदेश लिये बगैर और जन प्रतिनिधियों को सूचना दिये बगैर मुख्य सड़क पर पाइप लाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ किया गया है जो गलत है. कहा कि कम्पनी द्वारा नियम के विरुद्ध कार्य किया जा रहा है. जन प्रतिनिधियों ने कहा कि जुस्को कम्पनी द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क किनारे खोदे गये गड्डे को भी सही तरीके से भरा नहीं जा रहा है. इस कारण आये दिन सड़क पर वाहन फंस रहे हैं. कम्पनी की कार्य समय सीमा भी समाप्त हो चुकी है. जन प्रतिनिधियों ने कहा कि कम्पनी को विभाग द्वारा आदेश दिया जाये कि एक एक क्षेत्र में कार्य करे और वहां कार्य पूर्ण करे, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. इस दौरान नपं उपाध्यक्ष सुमित लोधा, पार्षद मो गुलाब, देवानंद सिंह, असगर हुसैन, शतदल महतो, मलय रूहीदास समेत अन्य उपस्थित थे.






