
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड में सरकार का धान क्रय केन्द्र खुलने से जहां ग्रामीण किसान केन्द्र पर धान बेचकर सरकारी लाभ पा रहे हैं, वही नगर पंचायत क्षेत्र के किसान लाभ पाने से वंचित हैं. किसानों ने नपं के जन प्रतिनिधियों से मिलकर इसकी शिकायत की है. साथ ही सवाल किया है कि क्या नगर पंचायत क्षेत्र में किसान नहीं है. अगर हैं, तो चाकुलिया प्रखंड की सूची से नपं क्षेत्र के किसान बाहर क्यों हैं. किसानों की शिकायत पर नपं अध्यक्ष संध्या रानी सरदार और उपाध्यक्ष सुमित लोधा के नेतृत्व में जन प्रतिनिधियों ने चाकुलिया लैम्पस पहुंचकर लैम्पस कर्मी अरुण राय से मिलकर मामले की जानकारी ली. जन प्रतिनिधियों ने कहा कि उन्होंने बीते वर्ष ही लिखित आवेदन देकर नपं क्षेत्र के किसानों से धान क्रय करने की मांग की थी परंतु विभाग द्वारा अब तक पहल नहीं की गयी है. लैम्पस इस विषय पर पहल करे, नही तो नपं जन प्रतिनिधि अपने स्तर से कार्रवाई करने को बाध्य होंगे. जन प्रतिनिधियों ने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण नपं क्षेत्र के किसान सरकारी दर पर धान बेचने से वंचित हो रहे हैं.
किसानों से सीधे धान क्रय करे केन्द्र
जन प्रतिनिधियों ने कहा कि धान क्रय केन्द्र खुलते ही प्रखंड में बिचौलिया हावी हो जाते हैं. बिचौलियों के कारण प्रखंड के किसान सीधे तौर पर केन्द्र पर धान नहीं बेच पाते हैं. बिचौलियावाद होने के कारण प्रखंड के किसान सरकारी लाभ पाने से वंचित हो जाते हैं. केन्द्र पर किसानों से धान क्रय किया जाए, ताकि सरकार का लक्ष्य और उधेश्य पूरी हो सके.
रूपुषकुंडी लैम्पस में कैसे हुआ 25 टन धान का क्रय, जांच की मांग
जन प्रतिनिधियों ने कहा कि अभी तक सिर्फ प्रखंड में धान क्रय केंद्र ही खुला है. अब तक यूजर आईडी नहीं दी गयी हैं. इसके बावजूद किस तरह रूपुषकुंडी लैम्पस में 25 टन धान का क्रय किया गया है. इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाये. जन प्रतिनिधियों ने कहा कि वहां पर एक ही नाम के एक व्यक्ति दो पदभार कैसे ले रखा है, जांच कर कार्रवाई की जाये. जन प्रतिनिधियों की शिकायत पर प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी सह जन सेवक देव कुमार ने कहा कि रूपुषकुंडी लैम्पस की जांच की जाएगी और जांच में गलत पाया गया तो इसकी रिपोर्ट वरीय पदाधिकारी से कर दोषी व्यक्ति पर कार्रवाई की जायेगी. इस दौरान पार्षद मो गुलाब, असगर हुसेन, शतदल महतो समेत अन्य उपस्थित थे.






