
Chakuliya : चाकुलिया के शांति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर स्कूल परिसर में बुधवार को मातृ सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन की अध्यक्षता राजकुमार रुंगटा ने की. सम्मेलन का उद्घाटन अतिथियों ने द्वीप प्रज्वलित कर किया. सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में नपं अध्यक्ष संध्या रानी सरदार उपस्थित थीं. सम्मेलन में बच्चों के विकास पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई. सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधालय के प्रधानाचार्य सुभाष तिवारी ने कहा कि मातृ सम्मेलन करने का मुख्य उद्देश्य माताओं का बच्चों के विकास के प्रति कर्तव्य पर चर्चा करना है. बच्चों के लिए मां पहली गुरू है. विधालय प्रबंधन समिति बच्चों का सर्वांगीण विकास के प्रति सचेत है. बच्चों के विकास में विधालय के शिक्षकों के साथ ही अभिभावकों का योगदान महत्वपूर्ण है. माताएं और अभिभावक भी अपनी जिम्मेदारी निभाकर विधालय का सहयोग करें. माताएं प्रतिदिन बच्चों की कॉपी का अवलोकन करें कि विधालय से उन्हें होम वर्क मिला है या नहीं. निरीक्षण कर बच्चों को पढ़ने के प्रति जागरूक करें. माताएं जागरूक होंगी तो समाज में परिवर्तन कर सकती हैं.

सम्मेलन में माताओं ने कहा बच्चे घर पर पढ़ते नहीं, होम वर्क भी नहीं करते हैं, इंग्लिश और साइंस में कमजोर हैं. विधालय के शिक्षक ध्यान दें, ताकि बच्चे उन विषयों का अध्ययन कर सकें. विधालय के सभी शिक्षक और कर्मी बच्चों से विधालय में हिन्दी में बात करें, ताकि बंगाली बच्चों की हिन्दी मजबूत हो. इस अवसर पर शारदा लोधा, रीता लोधा, सेवानिवृत्त शिक्षिका कृष्णा पाल, विधालय संचालन समिति के सचिव प्रभात झुनझुनवाला, उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण दास, अजित कुमार दास समेत अन्य ने भी अपने विचार रखे. संचालन गोउर हरी दास ने किया. सम्मेलन में स्कूल के भैया-बहनों ने मातृ वंदना, संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया. इस अवसर पर शिक्षक गौतम दास, राजीव रंजन शर्मा, अरुण महतो, लक्ष्मी सिंह, मनोज महतो, वंदना दास, विकास महतो, तापस बेरा, मेनका मित्र, सावित्री साहू समेत अन्य उपस्थित थे.







