
चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के नुआग्राम गांव में 16 जनवरी की रात एक महिला के साथ गांव के ही जगन्नाथ हांसदा ने महिला के घर में घुसकर जबरन बलात्कार किया और उसके साथ मारपीट की. घटना के संबंध में महिला ने चाकुलिया थाना में युवक जगन्नाथ हांसदा, मां आरवती हांसदा और भाभी हीरामुनी हांसदा, रानी हांसदा के खिलाफ बलात्कार करने और मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है. महिला के बयान पर थाना में कांड संख्या 6/20 धारा 376, 323, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है. पीड़ित महिला का शनिवार को चाकुलिया सीएचसी में मेडिकल कराया गया. समाचार लिखे जाने तक आरोपीयों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. सोमवार को महिला का कोर्ट में 164 का बयान कराया जाएगा. घटना के संबंध में पीड़ित महिला ने बताया है कि उसकी शादी बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के बाउरीचुआ गांव में सालखान मुर्मू से हुई है. पिछले कुछ दिनों से उसके पति की दिमागी हालत ठीक नहीं है. इस वजह से वह अपनी भतीजी के घर नुआग्राम में रहकर मेहनत मजदूरी कर किसी तरह अपना और परिवार का भरण-पोषण कर रही है.







