
देवघर : देवघर के मेडिकल छात्र शुभम शांडिल्य से बैंक मैनेजर बनकर 50 हजार रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर पुलिस ने खागा थाना क्षेत्र के रघुवाडीह व कुशमाहा गांव से छापेमारी कर गिरोह के सरगना गुरुदेव मंडल सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर डीएसपी नेहा बाला के नेतृत्व में सोमवार देर रात्रि साइबर पुलिस द्वारा खागा थाना क्षेत्र से छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह के सरगना खागा थाना क्षेत्र के रघुवाडीह निवासी गुरुदेव मंडल, मिजाइल अंसारी, भीम मंडल, राजेश मंडल, कुशमाहा गांव निवासी विजय महतो, अजय महतो, समीर मंडल व गणेश मंडल शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 25 मोबाइल फोन, 1 सैमसंग गैलेक्सी टैब, 9 सिमकार्ड व नकद 5 लाख 35 हजार 500 रुपए जब्त किया है। गिरफ्तारी के संदर्भ में एसपी नरेंद्र कुमार सिंह से मिली जानकारी के अनुसार देवघर के मेडिकल छात्र शुभम शांडिल्य को बीते दिनों फोन कर अपने आपको बैंक ऑफ इंडिया का मैनेजर बताकर आरोपियों ने उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपए की अवैध तरीके से निकासी कर ली थी। जिसके बाद पीड़ित शुभम शांडिल्य ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसके बाद से पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी। उसी क्रम में सोमवार देर रात्रि छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सबसे पहले कांड के मुख्य आरोपी रघुवाडीह निवासी गुरुदेव मंडल के घर छापेमारी की जहां से उसे गिरफ्तार किया गया। उसके बाद गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर छापेमारी कर गिरोह के अन्य सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।






