जमशेदपुर: भुवनेश्वर के किट्स स्टेडियम मैदान में खेले जा रहे पूर्वी जोन अंतर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में कोल्हान यूनिवर्सिटी ने रोमांचक मुकाबले में हेमचंद यादव यूनिवर्सिटी को दो विकेट से हराकर फाइनल में पहली बार प्रवेश किया है. कोल्हान यूनिवर्सिटी को अंतिम ओवर में जीत के लिए 11 रन बनाना था, टीम दो गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य को हासिल कर किया. अंतिम ओवर में जुनैद अशरफ ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सात गेंद में नाबाद 14 रन की लाजवाब पारी खेलकर टीम को विजयी दिलाई. इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए हेमचंद यूनिवर्सिटी ने निर्धारित 25 ओवरों में सात विकेट खोकर 192 रन का स्कोर खड़ा किया. (नीचे भी पढ़े)

जिसके जवाब में कोल्हान की टीम ने 24.4 ओवर में आठ विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली. कोल्हान टीम के लिए ये जीत बहुत खास हैं क्योंकि पहली बार कोल्हान टीम ने पूर्व क्षेत्र अंतर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की है. हेमचंद विश्वविद्यालय की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज सत्या बगैर खाता खोले ही पवेलियन लौट गए.(नीचे भी पढ़े)
इसके बाद गौरव मिश्रा ने 42, आनंद राव ने 42, अमन मिश्रा ने 36, वेदांत के 25 रनों के बदौलत हेमचंद यूनिवर्सिटी ने 192 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोल्हान टीम की शुरुआत बेहद शानदार रहीं और 81 रन पर कुमार करण के तौर पर कोल्हान ने अपना पहला विकेट खोया. कप्तान अमरदीप सिंह एक छोर पर टिक रहे और कप्तानी पारी खेलते हुए 49 गेंदों पर 73 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा रवि शर्मा ने 23, हिमांशु ने 20 रन बनाए. (नीचे भी पढ़े)
जुनैद अशरफ ने रोमांचक मैच में सात गेंदों पर एक छक्के और एक चौके की मदद से जीत कोल्हान की झोली में डाल दी. विदित हो कि इस टूर्नामेंट में कोल्हान यूनिवर्सिटी की टीम एक भी मैच नहीं हारी. इससे खिलाड़ियों का मनोबल काफी उंचा है. और आशा है कि फाइनल में भी टीम के खिलाड़ी अपना बेहतर प्रदर्शन करेंगे.




