जमशेदपुर: जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब एक्शन में है. बिरसानगर के बाद उन्होंने दूसरे ही दिन सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. विधि-व्यवस्था के संधारण और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही का आरोप है. निलंबन अवधि के दौरान उन्हें पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर शिकायतें मिल रही थीं. विभागीय समीक्षा और जांच के बाद कार्रवाई की गई. थाना प्रभारी पर कार्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी के आरोप हैं. (नीचे भी पढ़ें)

थाना प्रभारी के निलंबन के बाद सीतारामडेरा थाने में नए प्रभारी की पदस्थापना को लेकर विभागीय प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी मिली है. पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अपराध नियंत्रण में शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा. पुलिस अधिकारियों से विधि-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है.




