
रांची : केंद्रीय चुनाव आयोग ने झारखंड के देवघर के उपायुक्त सह जिला निर्वाची पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री को हटा दिया है. देवघर के डीसी के तौर पर उन पर आरोप था कि वे अपने पद पर रहते हुए झामुमो के लिए मधुपुर चुनाव में काम किये थे. आपको बता दें कि देवघर जिले के अंतर्गत ही मधुपुर विधानसभा क्षेत्र आता है, जहां उपचुनाव हो चुका है और दो मई को मतगणना है. मतगणना के ठीक पहले देवघर के डीसी को हटा दिया गया. उनके स्थान पर भाजपा की रघुवर दास सरकार के वक्त डीसी रही नैंसी सहाय को देवघर का डीसी बना दिया गया. इससे पहले चुनाव आयोग ने मधुपुर के एसडीओ सह मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी योगेंद्र प्रसाद को हटा दिया था, जिसकी जगह नीरज कुमार सिंह को मधुपुर का एसडीओ बनाया गया था. इस मामले को लेकर आदेश जारी किया गया, जिसके बाद वापस नैंसी सहाय को देवघर का डीसी बना दिया गया. मंजूनाथ भजंत्री के खिलाफ भाजपा ने शिकायत की थी. भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त के रवि कुमार को ज्ञापन सौंपकर मांग की थी कि मधुपुर उपचुनाव में जिला प्रशासन के सारे अधिकारी झामुमो के कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहे है.




