
जमशेदपुर : जमशेदपुर में युवक को ऑनलाइन शॉपिंग करना काफी महंगा पड़ा. कंपनी ने युवक को गलत प्रोडक्ट डिलिवर कर दिया. पहले तो कंपनी प्रोडक्ट वापस लेने के लिए टालमटोल करती रही पर अब कंपनी ने सामान को वापस लेने से साफ तौर पर इंकार कर दिया, जिसके बाद से युवक ने सिदगोड़ा थाना में फ्लिपकार्ट के खिलाफ लिखित शिकायत की है.
फर्जीवाड़ा का शिकार सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह ट्यूब कॉलोनी निवासी विनित कुमार झा हुआ है. विनित ने बताया कि 8 दिसंबर को उसने ऑनलाइन शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट से एलजी कंपनी का एक कंप्यूटर मॉनिटर मंगाया था, जिसकी कीमत 5000 रुपये थी, जो की 15 दिसंबर को उसके पते पर डिलिवर हो गया. जब उसने अपना ऑर्डर खोला तो उसमें बेस्टन कंपनी का टूटा हुआ मॉनिटर था.
उसने इसकी शिकायत डिलीवरी ब्याय से की तो उसने फ्लिपकार्ट से शिकायत करने की बात बताई. जब विनित ने फ्लिपकार्ट को इसकी शिकायत की तो फ्लिपकार्ट ने पहले प्रोडक्ट वापस लेने से मना कर दिया फिर वापस करने के लिए टालमटोल करता रहा. शुक्रवार को फ्लिपकार्ट के डीलर ने साफ तौर से प्रोडक्ट को वापस लेने से मना कर दिया. फिलहाल पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद फ्लिपकार्ट पर कार्रवाई शुरु कर दी है.






