
जमशेदपुर : अच्छे कर्म सेवक ट्रस्ट के तत्वाधान में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में हरगुट्टू काली मंदिर सभागार में छोटे-मोटे स्कूलों में गरीब बच्चों को पढ़ाने वाले 30 शिक्षकों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि शिक्षक मामूली फीस लेकर अभिवंचित वर्ग के गरीब बच्चों को शिक्षा प्रदान करते हैं। लॉक डाउन की वजह से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अच्छे कर्म सेवक ट्रस्ट को जब इसकी जानकारी मिली तो अभिलंब उन्हें सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक संजीव सरदार की उपस्थिति में सहायता सामग्री वितरण किया गया। विधायक संजीव सरदार ने अपने संबोधन में कहा कि अभिवंचित क्षेत्र के गरीब शिक्षकों को इस लॉकडाउन के समय में आय का कोई साधन नहीं है। ऐसे में इस विकट परिस्थिति में भी शिक्षा प्रदान करना निसंदेह यह एक सराहनीय कार्य है। समाज के लोगों को भी इनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए। इस अवसर पर ट्रस्ट के संतोष साहू, धीरज सावा, सीए चंदन खंडेलवाल, सीए महेश कुमार, पवन अग्रवाल, गोपाल कृष्ण गौतम, छगन, नरेश सोय, वरुण मुखर्जी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।







