
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की चिंगड़ा पंचायत के कोसाफलिया गांव पहुंच कर रविवार को जमशेदपुर की पूर्व सांसद सुमन महतो ने शहीद गणेश हांसदा की तसवीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की. यहां सुमन महतो ने शहीद के माता-पिता से मिलकर सांत्वना दी और कहा कि दु:ख की इस घड़ी में पूरा देश और राज्य सरकार शहीद के परिवार के साथ है. गणेश हांसदा की शहादत पर दु:ख है तो गर्व भी है कि बहरागोड़ा का लाल अपनी धरती मां की रक्षा करते हुए शहीद हो गया है. गणेश हांसदा शहीद होकर हम सबों के बीच अमर हो गये हैं. इसके बाद पूर्व सांसद सुमन महतो और बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने परिवार को आर्थिक सहयोग किया. इस दौरान आदित्य प्रधान, असित मिश्रा, गौरी शंकर महतो, ललित मांडी, गुरुचरण मांडी, विशाल बारिक, महिला मोर्चा प्रेसिडेंट सह जिला परिषद हिरामोनी मुर्मू, मौसमी मल्लिक समेत अन्य लोग उपस्थित थे.







