
Dhalbhumgarh : धालभूमगढ़ थाना के समीप नेशनल हाइवे पर उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार जिला खनन पदाधिकारी मो नदीम सैफी, माइनिंग इंस्पेक्टर राहुल कुमार ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान दो ट्रकों को रोका गया, जो मगध कोलियरी लातेहार से कोयला लोड कर बंगाल जा रहे थे. पदाधिकारियों द्वारा जब चालक से कोयले का चालान मांगा गया तो दोनों ट्रकों के ड्राइवरों द्वारा जो चालान प्रस्तुत किया गया वह 19 अगस्त को ही लैप्स पाया गया. इसी आधार पर दोनों ट्रकों को जब्त कर धालभूमगढ़ थाने में रखा गया है.
साथ ही अवैध परिवहन के मामले में दोनों ट्रक (जेएच 19 बी 7139 तथा जेएच 19 बी 2087) पर मामला दर्ज करते हुए दोनों ट्रक के चालक मो मन्नान और राजीद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में दोनों चालकों व वाहन मालिकों पर भी मामला दर्ज किया गया है. दोनों ट्रकों में 24.720 एमटी और 24. 870 एमटी कोयला लदा है. धालभूमगढ़ थाना में दोनों ट्रकों के खिलाफ अवैध परिवहन करने के मामले में झारखंड मिनिरल्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.







