
जमशेदपुर : 74वें राष्ट्रीय स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति 15 अगस्त को उपायुक्त सह अध्यक्ष, रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम सूरज कुमार ने रेड क्रॉस भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर सूरज कुमार के साथ रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, विकास सिंह, डॉ बीपी सिंह, सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक भालोटिया, रेड क्रॉस के पेट्रन दिलीप गोयल, अशोक मोदी, सुदीप राज नारायण चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम के पश्चात रेड क्रॉस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए सूरज कुमार ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी ने हमेशा की तरह आम लोगों का साथ लेकर उनकी सहभागिता में कोविड-19 लॉकडाउन के तहत बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होने कहा कि रेड क्रॉस के माध्यम से सिविल सोसाइटी के सहयोग से एमजीएम को प्रदत्त कोविड-19 जांच मशीन ने कार्य करना शुरू किया है, जिससे हाल के दिनों में टेस्ट बढे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सभी कार्यक्रम कोविड-19 रोकथाम के नियमों के साथ चल रहे हैं और हमें उनका पालन करना है तभी हम इस पर विजय पा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक वैक्सीन नहीं आती, तब तक कम या ज्यादा रूप में कोविड-19 हमारे बीच ही रहेगा और इससे हम तभी बचे रह सकते हैं जब भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) द्वारा जारी गाईडलाईन का अनुसरण करें और इसे हम अपने दैनिक जीवन में शामिल करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो युवा कोविड-19 के प्रति लापरवाही यह सोच कर बरत रहे हैं कि उन्हें कुछ नहीं होगा, वह यह ध्यान रखें कि घर में उनके बुजुर्ग माता-पिता या अन्य परिजनों के लिए वे खतरे को बढ़ा रहे हैं।
उपायुक्त श्री कुमार ने रेड क्रॉस की सराहना करते हुए समाज के हर वर्ग से अपेक्षा की कि कोविड-19 के खिलाफ अभी जंग जारी है, इसलिए सहयोग के हाथ खुले रखें ताकि इस जंग में हम जीत सकें। कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के पश्चात 152वें सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट के सफल प्रशिक्षणार्थियों को उनके प्रमाणपत्र व पहचान पत्र अतिथियों द्वारा प्रदान किये गये।
रेड क्रॉस भवन में आयोजित राष्ट्रीय झंडोतोलन के दौरान जहां कोविड-19 के रोकथाम नियमों का पालन किया गया, वहीं रेड क्रॉस के सभी सदस्य व कार्यकर्ता इससे जुड़ सके, इसके लिए जमशेदपुर रेड क्रॉस सोसाइटी के फेसबुक पेज से सीधा प्रसारण किया गया, जिसे सदस्यों द्वारा सराहा गया।







