
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा संचालित कंपनी इंडियन स्टील वायर प्रोडक्ट (आइएसडब्ल्यूपी) कंपनी यानी तार कंपनी की अधीकृत यूनियन वायर प्रोडक्ट लेबर यूनियन के चुनाव का मामला श्रम विभाग तक पहुंच गया है. श्रम विभाग को मली शिकायत के आधार पर उपश्रमायुक्त (डीएलसी) ने प्रबंधन और यूनियन को नोटिस जारी कर दिया है. इस नोटिस में कहा गया है कि 21 कर्मचारियों के हस्ताक्षरयुक्त उनको शिकायत मिली है, जिसमें यह बताया गया है कि खुले तौर पर चुनाव को रोका जा रहा है और श्रम नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है. इसको लेकर शिकायतकर्ता में पहला नाम अनवर खान का है जबकि 216 लोगों ने इसमें हस्ताक्षर किया है. इसमें नोटिस जारी कर यूनियन के अध्यक्ष को 11 मार्च तक अपनी सफाई देने को कहा गया है. आपको बता दें कि तार कंपनी यूनियन के चुनाव को लगातार टाला जा रहा है. अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय के पास आशीष अधिकारी और उनकी टीम लगातार यह मांग करती रही है कि चुनाव कराया जाये क्योंकि समय पूरा हो चुका है. ऐसे में अवैध तरीके से यूनियन को संचालित करना ठीक नहीं है. वहीं, यूनियन के महामंत्री पंकज सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट श्रीकांत सिंह कहते है कि कर्मचारियों के ग्रेड रिवीजन का मामला लंबित है. वे लोग चाहते है कि पहले कर्मचारियों का ग्रेड रिवीजन करा दें, उसके बाद ही चुनाव कराया जायेगा. इसको लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है.






