
जादूगोड़ा : जिस जगह कभी कंकड़-पत्थर होते थे, उस जगह पर आज फूल खिलने लगे हैं और सब्जियां भी उगने लगी हैं। जी हां हम बात कर रहे हैं जादूगोड़ा थाना की। जादूगोड़ा थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा ने क्षेत्र में अपराधिक घटना पर नियंत्रण करने के साथ ही थाना परिसर में अपने हाथों से चारों और हरियाली बिखेर दी। बता दें कि जादूगोड़ा थाना परिसर में पहले जिस जगह कंकड़ एवं पत्थर दिखते थे आज उसी जगह हरी-भरी सब्जियां एवं फूल खिलने लगे हैं। थाना परिसर में चना, गोभी, मिर्ची, पालक, टमाटर की खेती होने के साथ ही विभिन्न प्रकार के फूल भी खिलने लगे हैं। जादूगोड़ा थाना प्रभारी के प्रयास से यह सफल हो पाया है। (नीचे भी पढ़ें)

थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा ने न सिर्फ स्वयं अपनी देखरेख में पूरे बगान को तैयार करवाया बल्कि थाना में पदस्थापित जवानों को भी इस काम की जिम्मेदारी दी। अब आलम यह है कि यहां हर तरह की सब्जियां देशी तकनीक से उगाई जाती हैं। इसमें सबसे बड़ी बात ये है कि इन सब्जियों को साफ करने के बाद निकलने वाले वेस्ट से ही इनके लिए कंपोजिट गड्ढों में खाद तैयार किया जाता है। जिनका उपयोग बागवानी में होता है। थाना प्रभारी बताते हैं कि सब्जियों की खेती इतनी हाइजेनिक है कि इनको केवल एक बार पानी में धोकर भी उपयोग में लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बंजर जमीन को उपजाऊ बनाने का काम इतना आसान भी नहीं था, इसके लिए जवानों की मदद लेकर बिखरे कंकड़ एवं गंदगी को साफ करवाया गया जिसके बाद मिट्टी को उपजाऊ बनाया गया। जमीन का समतलीकरण करने के बाद बागवानी शुरू की गई। इस बागवानी ने पूरे थाना परिसर में अपने पांव पसार लिए हैं। हर एक खाली कोना सब्जियों एवं विभिन्न प्रकार के फूलों की क्यारियों से भरा है।




