
Chaibasa : जगन्नाथपुर पुलिस ने बुधवार को तीन वर्षों से फरार अभियुक्त गुरुवा पूर्ति को उसके घर गुमरिया से गिरफ्तार कर मंडल कारा चाईबासा जेल भेज दिया। थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक ने बताया कि वर्ष 2016 में गुमरिया के अजय महतो की दुकान के पास कुछ लोग बैठे हुए थे. तब आरोपी गुरुवा पूर्ति अपनी मोटरसाइकिल को तेजी और लापरवाही से चलाते हुए दुकान के पास आया और बैठे लोगों को धक्का मार दिए, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा कई घायल हो गए थे। इस घटना के बाद जगन्नाथपुर थाना कांड संख्या 04/16 दर्ज किया गया था। कांड दर्ज होने के पश्चात गिरफ्तारी के डर से अभियुक्त घर छोड़कर चेन्नई भाग गया था। अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय से कुर्की वारंट निर्गत किया गया है और पुलिस अभियुक्त की गिरफ्तार के लिए लगातार छापामारी कर रही थी। थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक को गुप्त सूचना मिली कि अभियुक्त गुरुवा पूर्ति चेन्नई से गुमरिया गांव वापस आया है, अगर त्वरित करवाई की गई तो अभियुक्त की गिरफ्तारी की जा सकती है। इस सूचना पर थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक के नेतृत्व में एएसआई नंदकिशोर सिंह, उमेश प्रसाद एवं जिला बल के जवान के साथ त्वरित करवाई करते हुए अभियुक्त को उसके घर गुमरिया से गिरफ्तार कर लिय गया।



