
चाईबासा : झारखंड सरकार ने राज्य के कुल छह मीडिल स्कूलों को उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनाने का निर्णय लिया है. इसमें चाईबासा का कॉलेज कॉलोनी मीडिल स्कूल भी शामिल है. झारखंड विधानसभा प्राक्कलन समिति के सभापति सह विधायक दीपक बिरुवा ने टाटा कॉलेज कॉलोनी मीडिल स्कूल को उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनाने को लेकर पहल की थी. उसके बाद शिक्षा विभाग से निर्देश जारी किया गया. इस संबंध में विधायक दीपक बिरुवा ने मंगलवार को डीईओ नीरजा कुजूर के साथ बैठक की और आरडीडीई को भी फोन पर उक्त मामले में जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया. विधायक ने कहा कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से पत्र जारी किया गया है कि टाटा कॉलेज कॉलोनी मीडिल स्कूल को उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाए. इसके लिए एक कमेटी भी बनाई जाएगी, जिसमें आरडीडीई, डीईओ एवं डीएसई शामिल होंगे. विधायक ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दो दिनों में रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है. जानकारी हो कि टाटा कॉलेज कॉलोनी मीडिल स्कूल को उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनाने के लिए विधायक ने शिक्षा मंत्री को एक पत्र सौंपा था, जिसके बाद सकारात्मक पहल हुई. टाटा कॉलेज कॉलोनी मीडिल स्कूल आदिवासी बहुल क्षेत्र में स्थित है. इस स्कूली को उच्च विद्यालय बन जाने के बाद स्थानीय बच्चों को काफी लाभ होगा.







