
जमशेदपुर : जमशेदपुर के पटमदा थाना क्षेत्र के मुख्य सड़क पर ग्रामीण बैंक पटमदा शाखा के समीप हुई दो बाइकों (स्प्लेंडर व बुलेट) की आमने-सामने की टक्कर में 5 लोग घायल हो गए. घटना शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे की है. स्प्लेंडर बाइक पर सवार 3 युवक बोड़ाम थाना क्षेत्र के गेरूआ गांव के निवासी हैं एवं बुलेट पर सवार अनिमेष तिवारी (50) एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीगुमा निवासी है जबकि उसके पीछे बैठा किशोर कृष्णा श्रीवास्तव (12) पश्चिम बंगाल के आसनसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्टी निवासी है. (नीचे देखे पूरी खबर)

गेरुआ निवासी घायल युवकों में लखन सिंह (22), रमेश कर्मकार (21) व कार्तिक कर्मकार (30) शामिल हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक गेरुआ निवासी युवक कांकीडीह महुलतल हाट से अपने घर लौट रहा था जबकि बुलेट चालक उस बच्चे को छोड़ने के लिए पुरुलिया जा रहा था. कुल्टी निवासी कृष्णा श्रीवास्तव पिछले 2 महीने से बालीगुमा में रहकर पढ़ाई कर रहा था. (नीचे देखे पूरी खबर)

होली की छुट्टी पर अपने घर जा रहा था. उसका पूरा परिवार कुल्टी में ही रहता है. घटना के तुरंत बाद पहुंचे सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो ने सासंद निधि के एम्बुलेंस से सभी घायलों को माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया. इस घटना में 12 वर्षीय कृष्णा श्रीवास्तव को मामूली चोट है एवं अन्य चारों के पैर टूटे हैं. स्प्लेंडर चालक रमेश कर्मकार एवं बुलेट चालक अनिमेष तिवारी के सिर पर भी चोट हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. (नीचे देखे पूरी खबर)

घायलों की मदद में थाना प्रभारी करमपाल भगत, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, भाजपा नेता मुचीराम बाउरी समेत कई लोग पहुंचे और सभी घायलों को सरकारी एम्बुलेंस व प्राइवेट वाहन से जमशेदपुर भेजने में मदद की. सीएचसी से सभी को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है. इस दौरान 108 एम्बुलेंस नहीं होने व सरकारी एम्बुलेंस के करीब एक घंटा देर से पहुंचने पर नेताओं ने हंगामा किया. इसके अलावा ममता वाहन संचालकों को कॉल करने पर पहले पैसा मांगने पर आक्रोश जताया. सांसद व विधायक प्रतिनिधि दोनों ने बताया कि सोमवार को अस्पताल में बैठक की जाएगी ताकि आपातकालीन स्थिति में वाहनों की सुविधा मिल सके.



