जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के सेक्टर मार्केट से करीब 100 मीटर की दूरी पर बुधवार को एक स्कूल वैन और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में ऑटो में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक बच्ची को कान में चोट आई है. लोगों के अनुसार, स्कूल वैन संख्या जेएच 05सी 5840 ने ऑटो संख्या जेएच 05 डीजे 7155 को टक्कर मार दी.हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को टेल्को थाना के पीसीआर वाहन से टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों घायल महिलाओं का इलाज चल रहा है.
बताया गया कि दुर्घटना के समय स्कूल वैन में एक स्कूली बच्चा मौजूद था. वह पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है और बाद में उसके माता-पिता उसे अपने साथ घर ले गए.स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल वैन चालक की पहचान दिलीप बेहरा, निवासी सरजामदा के सोपोडेरा गांधी मैदान क्षेत्र के रूप में बताई गई है. (नीचे भी पढ़े)

लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के समय चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच और चिकित्सकीय जांच की रिपोर्ट का इंतजार है. घटना के बाद टेल्को थाना पुलिस ने चालक को टाटा मोटर्स अस्पताल में चिकित्सा जांच के बाद थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि बच्चों को स्कूल वैन में भेजने से पहले अभिभावकों को सिर्फ वाहन ही नहीं, बल्कि चालक के व्यवहार और उसकी स्थिति की भी जानकारी रखनी चाहिए.लोगों ने आरोप लगाया कि टेल्को क्षेत्र में कुछ स्कूल वैन ऐसे भी संचालित हो रहे हैं, जिनके पास कथित तौर पर आवश्यक कागजात या फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं हैं. साथ ही कुछ चालकों के नशे की हालत में वाहन चलाने का भी आरोप लगाया गया है.लोगों ने प्रशासन और पुलिस से स्कूल वैन की नियमित जांच, वाहनों के दस्तावेज एवं फिटनेस की जांच तथा चालकों की जांच कराने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.




