
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर-हाता रोड पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान मानगो आजादनगर मुर्दा मैदान के समीप रहने वाले असरफ इकबाल के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, असरफ इकबाल अपने दो दोस्तों अरसद और गुड्डू के साथ सोमवार की शाम करीब चार बजे डाला टेंपो से हाता की ओर जा रहा था. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसी दौरान हाता चौक से कुछ दूरी पहले तेज रफ्तार ट्रक और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने असरफ इकबाल को मृत घोषित कर दिया. वहीं अरसद और गुड्डू का इलाज जारी है. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग सदर अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था. (नीचे देखे पूरी खबर)

बताया जाता है कि मृतक असरफ इकबाल मानगो बाजार एक चप्पल दुकान में काम करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है.



