जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी नामोटोला निवासी एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान शुभ्र ज्योति नंदी के रूप में हुई है, जो जोमाटो में पार्ट टाइम डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था. गुरुवार देर रात वह आदित्यपुर इलाके में ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान साकची गोल चक्कर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल टीएमएच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना रात करीब 11:30 बजे परिजनों को मिली. अस्पताल पहुंचते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. बताया जा रहा है कि शुभ्र ही परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है.














