जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया आर्मी कैंप के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. हादसे में बाइक सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को मौके से गुजर रही पुलिस पेट्रोलिंग वाहन की मदद से इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल युवक का इलाज जारी है. उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. घायल युवक की पहचान बिरसानगर निवासी केल्विन लकड़ा के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, मृत युवती ओडिशा की रहने वाली एंजेल गुड़िया (26 वर्ष) थी. वह जमशेदपुर में रहकर मानगो के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी. जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब एक बजे केल्विन लकड़ा और युवती बाइक से घूमने निकले थे. सीएच एरिया आर्मी कैंप के पास बाइक काफी तेज रफ्तार में थी. इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पुलिस ने युवती के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




