
जमशेदपुर : जमशेदपुर में धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती व राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम द्वारा रविन्द्र भवन सभागार, साकची में सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंत्री बन्ना गुप्ता समेत विधायक जमशेदपुर पूर्वी सरयू राय, विधायक घाटशिला रामदास सोरेन, विधायक जुगसलाई मंगल कालिंदी शामिल हुए. इस अवसर पर डीसी सूरज कुमार, एसएसपी डॉ तमिल वणन, डीएफओ ममता प्रियदर्शी, उप विकास आयुक्त परमेश्वर भगत तथा जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. (नीचे पूरी खबर पढ़े)

सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ मंत्री, विधायक एवं पदाधिकारियों द्वारा धरती आबा की तस्वीर पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई. सांस्कृतिक संध्या झारखण्ड की संस्कृति, कला को समर्पित रही जहां कलाकारों ने भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी से जुड़े नाट्य मंचन, नृत्य व संगीत की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरी. अतिथियों के स्वागत में संथाली बाहा डांस ने लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया वहीं झारखंडी माटी की महक को समेटे कई अन्य रंगारंग कार्यक्रम की भी प्रस्तुति हुई जिसमें भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर आधारित छऊ नृत्य, कस्तूरबा विद्यालय पोटका की छात्राओं द्वारा हाय रे हमर सोना झारखण्ड गाना पर मनमोहक डांस, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आधारित नाट्य, पाइकर नृत्य, फिरकाल नृत्य, हिरोक सेन एवं ग्रुप का आर्केस्ट्रा शामिल है. इस मौके पर राज्य स्तर पर सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रही जिले की प्रियंका झा तथा तीसरे स्थान पर रही पूजा पॉल को मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया साथ ही जिला स्तर पर भी सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं में तीसरे स्थान पर रही. इस अवसर पर मौजूद आद्या कुमारी को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में दो लोगों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गयी ताकि उनके जीवन यापन में सहायता प्रदान हो. साथ ही जेएसएलपीएस द्वारा प्रशिक्षित बकरी पालन, मशरूम उत्पादन आदि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 लोगों को मंच पर सम्मानित किया गया तथा 15 योग्य लाभुकों के बीच धोती साड़ी का भी वितरण किया गया. इस अवसर पर जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा प्रकाशित जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का संग्रह है उस पुस्तिका का विमोचन मंत्री एवं जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा किया गया. मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सिद्धू-कान्हू, भगवान बिरसा मुंडा, फुलो झानो समेत झारखंड के अनेक महापुरुषों के द्वारा जल, जंगल जमीन की लड़ाई तथा अपने अधिकार के लिए अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष एवं शहादत ने झारखंड में उलगुलान का जन्म दिया. भगवान् बिरसा मुंडा देश के ऐसे स्वतंत्रता सेनानी के रुप मे जाने जाते हैं जिन्होंने अपनी माटी और अपने हक की लड़ाई के लिए अकेले ही अंग्रेजों से लोहा लिया. हम सभी झारखण्डवासी उन्हें भगवान के रूप में पूजते हैं जिनका जन्म झारखण्ड के खूँटी ज़िले में उलिहातू नामक स्थान पर 15 नवम्बर 1875 को हुआ था. 19वीं सदी के शुरुआती सालो में ही अपनी युवा अवस्था में उन्होंने ब्रिटिश सरकार के विरुद्ध जो आंदोलन चलाया, उसको जनजातियों में सबसे महत्त्वपूर्ण माना जाता है. उन्होंने अपने समुदाय के लोगो के लिए अंग्रेज व जमींदारों के विरुद्ध उलगुलान छेड़ दिया साथ ही शिक्षित समाज की भी हमेशा पैरोकारी की.




