जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत नीलडीह में बुधवार देर रात आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. इस बीच हुए हमले में दो युवक श्रवण और अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि इस घटना ने डांडिया उत्सव की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के बीच ही एक युवक लकी ने श्रवण और अनुराग को बहाने से बाहर बुलाया जैसे ही वे बाहर निकले, वहां पहले से घात लगाए बैठे करीब 22 से 25 युवक अचानक उन पर टूट पड़े. हमलावरों ने लात-घूंसों से हमला करने के साथ-साथ धारदार हथियार का भी इस्तेमाल किया. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि एक युवक ने चपड़ से वार कर दोनों को लहूलुहान कर दिया. गंभीर रूप से घायल श्रवण और अनुराग को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि हमला योजनाबद्ध तरीके से किया गया प्रतीत हो रहा है. शुरुआती जांच में आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है. पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी है और जल्द दोषियों की गिरफ्तारी का दावा किया है. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से त्योहार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छवि धूमिल होती है. डांडिया जैसे पारंपरिक आयोजन में हिंसा ने न सिर्फ आयोजकों को हताश किया है बल्कि लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. इलाके के निवासियों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.



