जमशेदपुर : महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है. रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों के बीच अब घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर भी महंगा हो गया है. तेल एवं गैस कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें लागू होने के बाद 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 981.50 रुपये हो गई है. इस वृद्धि का सीधा असर लाखों परिवारों के मासिक घरेलू बजट पर पड़ेगा. (नीचे भी पढ़ें)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड में अब उपभोक्ताओं को 14.2 किलो का घरेलू एलपीजी सिलेंडर 981.50 रुपये में मिलेगा. वहीं 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर की कीमत 429 रुपये निर्धारित की गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसकी कीमत 3,113.50 रुपये पर स्थिर बनी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
तीन महीने में दूसरी बार बढ़ी रसोई गैस की कीमत
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में यह वृद्धि पिछले तीन महीनों में दूसरी बार की गई है. इससे पहले 7 मार्च को तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की थी. लगातार दूसरी बार हुई बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है. आम लोगों का कहना है कि पहले से ही बढ़ती महंगाई के कारण घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है और अब गैस सिलेंडर महंगा होने से रसोई का बजट और प्रभावित होगा. तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा उत्पादों की बढ़ती कीमतों तथा घरेलू बिक्री में हो रहे नुकसान के कारण यह फैसला लिया गया है. कंपनियों के अनुसार घरेलू एलपीजी की बिक्री में होने वाले घाटे की भरपाई के लिए कीमतों में यह वृद्धि आवश्यक थी. हालांकि कंपनियों का दावा है कि मौजूदा बढ़ोतरी से भी नुकसान की केवल आंशिक भरपाई ही हो सकेगी.







