
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बेल्डीह क्लब स्कूल में भाजपा के जिला प्रवक्ता अंकित आनंद और आजसू के प्रवक्ता अप्पू तिवारी द्वारा स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों की पिटाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस मामले में सोमवार को जमशेदपुर के सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट से बेल्डीह स्कूल की प्राचार्य और बेल्डीह स्कूल प्रबंधन के लोगों ने मुलाकात की. इन लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के अलावा स्कूलों में बढ़ते बाहरी हस्तक्षेप को रोकने की मांग की. स्कूल और गार्जियन का यह मामला होता है, लेकिन बाहरी नेताओं के हस्तक्षेप के कारण ही इस तरह की घटनाएं होती है, ऐसा स्कूल प्रबंधन का कहना है. ऐसे में जमशेदपुर के स्कूलों की सुरक्षा को लेकर एक योजना बनाकर काम करने पर बल दिया गया. इसके अलावा स्कूल प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर अपनी सफाई दी गयी.
इस दौरान यह कहा गया कि एडमिशन समेत अन्य नाजायज डिमांड को लेकर दबाव बनाया जाता है, जिसको लेकर सुरक्षा जरूरी है. इस पर सिटी एसपी ने भरोसा दिलाया कि मामले को वे खुद देख रहे है और जो न्यायसंगत होगी, वह कार्रवाई की जायेगी.
दूसरी ओर, बेल्डीह चर्च स्कूल प्रकरण पर ब्राह्मण युवा शक्ति संघ के जिला प्रभारी गौतम दुबे ने प्रेस विज्ञति जारी कर स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कांग्रेसी नेता और मंत्री बन्ना गुप्ता और उनके सिपाहसालारों पर चर्च स्कूल मैनजमेंट का बचाव करने का आरोप लगाया. कहा कि छात्र रिशांत ओझा पर स्कूल कैंपस में हुआ हमला अफसोसजनक है. उन्होंने छात्रों में बढ़ रही हिंसक प्रवृत्ति पर भी चिंता जतायी. कहा कि स्कूल की प्राचार्या ने अभिभावकों को वार्ता के लिए बुलाकर डराया और केस वापस लेने का दबाव बनाया. उनके द्वारा आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणियां भी किये गए, जिससे हिंदू भावनाएं आहत हुई हैं. ब्राह्मण युवा शक्ति संघ ने इस मामले में अब तक अप्पू तिवारी द्वारा दिये गए आवेदन पर काउंटर केस दर्ज़ नहीं होने की भी तीव्र भर्त्सना करते हुए ज़िले के क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाया. कहा कि मंत्री बन्ना गुप्ता और चर्च मैनजमेंट के प्रभाव में आकर बिष्टुपुर थाना एकपक्षीय कार्यवाई कर रही है. हमला करने वाले छात्र के पिता एक विशेष समुदाय विशेष और मंत्री बन्ना गुप्ता के समर्थक हैं इसलिए पुलिस आरोपियों को बचा रही है और ब्राह्मण होने के कारण अभिभावकों को प्रताड़ित किया जा रहा है. दो दिनों के अंदर स्कूल प्रबंधन उचित कार्रवाई नही करती है तो ब्राह्मण युवा शक्ति संघ आंदोलन की नई पठकथा लिख देगी.





