
जमशेदपुर : भले केंद्र सरकार के खिलाफ किसान संगठन दिल्ली बॉर्डर पर कृषि कानूनों में संशोधन के खिलाफ धरने पर बैठे हैं, लेकिन झारखंड भाजपा खुद को किसानों का हितैषी बताते हुए शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम एक मांग पत्र सौंपा. सौंपे गए मांग पत्र के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष मुचीराम बाउरी ने झारखंड की वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार को किसान विरोधी बताया और कहा किसानों के लिए चल रहे मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना को बंद कर दिया गया है जिसे किसानों के हितों को देखते हुए अविलंब चालू किया जाए. वहीं धान खरीद की राशि 24 घंटे के भीतर किसानों के खाते में भेजने, एनपीए खाता धारी किसानों को ऋण मुक्त किए जाने, 90% अनुदान पर किसानों को ससमय खरीफ़ एवं रवि फसल का प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने और नियमित मानसून और प्राकृतिक आपदा के शिकार हुए किसानों को आपदा राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को शुरू करने, 90% अनुदान पर देसी नस्ल की दुधारु गाय उपलब्ध कराने, बंद पड़े मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट को पुनः चालू कराते हुए अधिक मूल्य पर दूध की खरीदारी शुरू करने, केंद्र से प्राप्त कृषि कार्य योजना की राशि शत-प्रतिशत खर्च किए जाने, प्रत्येक अंचलाधिकारी को किसानों को जमीन संबंधी मालगुजारी जमा करने में किसी प्रकार का दिक्कत ना दिए जाने की मांग की.




