
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह इलाके में एक बड़ी घटना को अपंराधियों ने अंजाम दिया है. परसुडीह थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी निवासी टी भाष्कर राव के घर में पुलिसवाला बनकर घुसे अपराधियों ने बंदूक की नोक पर लाखों रुपये की डकैती कर ली और फरार हो गये. भागते वक्त दो अपराधियों के पकड़े जाने की सूचना है. टी भाष्कर राव सूद ब्याज का कारोबारी है. बताया जाता है कि परसुडीह लोको कॉलोनी में टी भाष्कर राव और उनकी पत्नी बच्चों के साथ घर पर थे. इसी बीच अचानक से दरवाजा पर किसी ने दस्तक दी. अंदर से लोगों ने आवाज दी कि कौन है, तो बाहर से लोगों ने कहा कि वे लोग परसुडीह थाना से आये है, पुलिसवाले है. इसके बाद घरवालों ने दरवाजा खोल दिया. इसके बाद घुसते ही चार लोगों ने सबको पिस्तौल की नोंक पर अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद वहां खड़ी बच्ची को पिस्तौल सटा दिया, जिसके बाद घर के अलमारी समेत अन्य चीजों की चाभी ले ली और गहना से लेकर नगद रुपये और अन्य सामान लेकर चलते बने. अपराधी बाइक पर आये थे. बाइक पर सवार होकर सारे लोग भाग निकले. जैसे ही अपराधी भागे, वैसे ही पुलिस को सौ नंबर पर लोगों ने डायल कर जानकारी दी, जिसके बाद परसुडीह पुलिस के साथ पीसीआर ने इलाके की घेराबंदी कर दी, जिसके बाद दो लोगों को पकड़ा गया है. पकड़ा गया व्यक्ति में एक बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी का बताया जा रहा है जबकि एक अपराधी सुंदरनगर का है. इन दोनों के पास से डकैती किये गये सामान बरामद नहीं हुए है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और उन दोनों से पूछताछ कर अन्य डकैतों को पकड़ने का प्रयास कर रही है.






