
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गजराज मेंशन से छगनलाल दयालजी संस के कर्मचारी से 32 लाख की लूट मामले में सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा पुलिस को उद्भेदन के लिए दिए गए 72 घंटे का अल्टीमेटम गुरुवार को पूरा हो गया. गुरुवार को जमशेदपुर ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन भाई अडेसरा, महासचिव कमल सिंहानिया, छगनलाल दयालजी संस के अष्विन अडेसरा, मनु भाई के अलावा अन्य लोग चैम्बर पहुंचे और आगे की रणनीति पर चर्चा की. बैठक के दौरान चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मुनका ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से बात की. स्वास्थ्य मंत्री ने चैम्बर अध्यक्ष को आष्वस्त किया कि वो अपने व्यापारी भाईयों के दर्द से वाकिफ हैं और उन्होंने आज ही राज्य के डीजीपी को इस मामले का त्वरित उद्भेजन करने और जमशेदपुर की गिरती विधि व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त करने का निर्देश दिया हैं. चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने जोनल आईजी पंकज कंबोज से भी मामले में हो रही कार्रवाई की जानकारी ली. जोनल आईजी बताया कि पुलिस अनुसंधान तीव्र गति से चल रहा है और आशा है कि जल्द ही इस कांड का उद्भेदन हो जायेगा. सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने गिरती विधि व्यवस्था के मद्देनजर अपने आंदोलन के अगले चरण में रांची जाकर वरीय पदाधिकारियों से मिलेंगे और यहां की गिरती विधि व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त करने की वकालत करेंगे. इधर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अपराधियों के करीब पहुंच चुकी है. पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी. आज की बैठक में चैम्बर अध्यक्ष विजय आंनद मूनका, महासचिव मानव केडिया, ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन भाई अडेसरा, महासचिव कमल सिंहानिया, चैम्बर उपाध्यक्ष (व्यापार एवं वाणिज्य) नितेष धूत, कोषाध्यक्ष किशोर गोलछा, सचिव (व्यापार एवं वाणिज्य) अनिल मोदी, सचिव (जनसंपर्क एवं कल्याण) भरत मकानी, छगनलाल दयालजी के अष्विन अडेसरा, मनु भाई आदि लोग उपस्थित थे.







