जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर में एक माह तक विशेष अभियान चलाएगी. अभियान के तहत पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी.जमशेदपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी. इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे. अमर बाउरी ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’कार्यक्रम के साथ की जाएगी. इस अवसर पर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने घरों तथा मंदिरों में दीया जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए पूजा-अर्चना करेंगे और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगल कामना करेंगे.(नीचे भी पढ़े)

उन्होंने बताया कि इसके बाद लगातार एक महीने तक 12 अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा, उनके गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष तथा देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को जनता के बीच रखा जाएगा.भाजपा नेताओं के अनुसार, नरेंद्र मोदी ने लगातार 25 वर्षों तक गुजरात और देश की सेवा करते हुए सार्वजनिक जीवन में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. अभियान के दौरान उनके कार्यकाल में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों, विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत होती स्थिति को भी प्रमुखता से जनता के सामने रखा जाएगा. पार्टी का उद्देश्य अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलाव और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना तथा उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्र सेवा की यात्रा से लोगों को अवगत कराना है.







