
राजनगर : जमशेदपुर से सटे राजनगर के पास हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच 22 में हाइवा और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में दो चालकों की मौत हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में लाश चालक की फंसी रह गयी थी, जिसको करीब एक घंटे बाद निकाला जा सका. हाईवा चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते तक उसकी मौत हो गयी थी. इस घटना में हाईवा का खलासी घायल है, जिसका इलाज स्थानीय चिकित्सा केंद्र में चल रहा है. घटना बुधवार की सुबह की है. राजनगर थाना क्षेत्र के रोला गांव के पास यह हादसा हुआ. ट्रक संख्या जेएच 09 एटी-6541 पर बोकारो से चाईबासा की ओर जा रहा था जबकि हाईवा चाईबासा से पोटका की ओर जा रहा था. इसी बीच रोला गांव के पास दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गयी, जिसमें बोकारो जिले का पिंडाजोड़ा थाना क्षेत्र के चालक अशोक कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि हाईवा चालक कोवाली (जमशेदपुर का ग्रामीण इलाका) थाना क्षेत्र के लखीमसाई निवासी 50 वर्षीय कोदा सरदार की भी मौत हो गयी. खलासी को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है. बताया जाता है कि हाईवा पोटका थाना क्षेत्र के लकड़ाडीह क्रशर में जा रहा था कि रास्त में ही यह हादसा हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.







