जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र में बीती देर रात कार और मोटरसाइकिल की चोरी करने का प्रयास कर रहे एक युवक को पुलिस ने तत्पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि घटना रात करीब 12 बजे की है, जब गौसनगर साल बागान निवासी अफजल फैज ने पुलिस को सूचना दी कि उनके घर के बाहर खड़ी कार और मोटरसाइकिल का लॉक एक संदिग्ध युवक खोलने का प्रयास कर रहा है. सूचना मिलते ही कपाली ओपी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में सघन जांच-पड़ताल शुरू की. घटना स्थल से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया. फुटेज में साफ दिखा कि एक युवक घर के बाहर खड़े वाहन का लॉक तोड़ने की कोशिश कर रहा है. फुटेज के आधार पर युवक की पहचान और उसके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई गई. (नीचे भी पढे़ं)
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गौसनगर और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया. जांच के क्रम में संदिग्ध युवक की पहचान गौसनगर फुटबॉल मैदान स्थित बिस्मिल्लाह हॉल के समीप रहने वाले मोहम्मद सलामत अंसारी (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई. पुलिस ने उसे उसके ठिकाने से हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी अपने बयान में उलझता रहा और चोरी के प्रयास में शामिल होने की बात से इनकार करता रहा, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. ओपी प्रभारी ने बताया कि युवक के खिलाफ वाहन चोरी के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है. (नीचे भी पढे़ं)
पुलिस ने सलामत अंसारी को गुरुवार की सुबह न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या उसने पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और कहा है कि समय रहते कार्रवाई से बड़ी घटना टल गई. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके.



