सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के कोलबीरा स्थित रामा इंफ्राटेक कंपनी के निर्माणाधीन शेड में शुक्रवार सुबह काम कर रहे मजदूर की ऊचाई से गिरकर मौत गयी. सहकर्मियों द्वारा मजदूर को आनन फानन में टीएमएच लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिजन और भाजपा नेता उचित मुआवजा की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया है. टीएमएच में शव को रोका गया हैं. मृतक परसुडीह के कीताडीह मानसा मंदिर के पास राजू बगान का रहना वाला सन्नी यादव (26) था. प्राप्त जानकारी अनुसार कंपनी का निर्माण कार्य बालाजी इंफ्राटेक को दी गयी है, जिसकी सुरक्षा को लेकर घोर लापरवाही सामने आयी है. (नीचे भी पढे़ं)

सहकर्मियों ने ही इसकी सूचना सन्नी के घर वालों दी. सन्नी के पिता रामचंद्र यादव और अन्य परिजन का कहना है कि इसमें ठेकेदार और कंपनी के मालिक की लापरवाही है. मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष निशिथ कुशवाहा और भाजपा के घाघीडीह मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार भी उपस्थित है. उन्होंने कंपनी प्रबंधन से बातचीत की. उनका कहना है कि जब तक मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. उन्होंने ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है. फिलहाल घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है. पुलिस का कहना है कि कंपनी प्रबंधन से बातचीत के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी.



