बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के बेलडीह पंचायत अंतर्गत गोबरलाद गांव में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. शादी समारोह से लौट रहे दंपती के बीच शराब के नशे में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गयी. बताया जाता है कि दोनों ने नशे की हालत में लाठियों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया. इस दौरान पत्नी हीरामणि मुर्मू (43 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गयी और देर रात घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी वहीं पति सुधीर मुर्मू भी इस घटना में बुरी तरह जख्मी हो गया. घटना के बाद आरोपी पति ने मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे चौकीदार के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ शाम करीब साढ़े चार बजे मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. (नीचे भी पढे़ं)
इसके बाद पुलिस ने बुधवार को शव कहां पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है. इधर, गंभीर रूप से घायल सुधीर मुर्मू को हिरासत में लेकर इलाज के लिए पटमदा के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजनों और गांव के लोगों ने आपसी पंचायत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल कर रही है. इधर भुईयांसिनान से भूला मोड़ जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे जंगल के बीच बसा शत प्रतिशत आदिवासी बहुल गांव गोबरलाद में पुलिस को सूचना बहुत लेट से मिलती है और बताया जाता है कि मोबाइल का टावर भी सही से काम नहीं करता है जिससे आस-पास के ग्रामीणों को बहुत दिक्कत का सामना करना पड़ता है.



