जमशेदपुर : मानगो से सटे कपाली क्षेत्र के डेमडुबी इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया. गैलेक्सी पब्लिक स्कूल का चार वर्षीय छात्र उस्मान गनी खेल-खेल में अपनी दादी के घर गया था. वहां किसी को न देखकर वह अकेले ही घर लौटने लगा. इसी दौरान घर के पास हो रहे कंस्ट्रक्शन साइट पर खुले पड़े सेप्टिक टैंक ने उसकी जिंदगी छीन ली. पैर फिसलने से वह टैंक में गिर गया, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था. टैंक में डूबने के कारण मासूम की मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

बताया गया कि घटना के करीब आधे घंटे बाद तक किसी को इस हादसे का पता नहीं चला. बाद में खोजबीन के दौरान बच्चे को टैंक से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में टीएमएच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे की मौत की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरा इलाका शोक और आक्रोश में डूब गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सेप्टिक टैंक पिछले छह महीने से खुला पड़ा है, लेकिन ठेकेदार और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों ने इसे ढकना मुनासिब नहीं समझा. लोगों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से मांग की है कि इस तरह के खुले खतरनाक गड्ढों को तत्काल ढका जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान न जाए. परिजनों ने भी जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.



