
जमशेदपुर : जमशेदपुर के तीन छात्र भुवनेश्वर के सीवी रमन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से लापता हो गए. लापता छात्रों में गोविंदपुर निवासी विशाल पांडे, सिदगोड़ा निवासी त्रिनेत्र कुमार और टिनप्लेट निवासी आदित्य राज शामिल है. वहीं इनके साथ जमुई का भी एक छात्र शेखर गौतम भी लापता है. इसको लेकर परिजनों ने भुवनेश्वर के तमांडो थाना में लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई है. परिजनों के अनुसार सभी 9 फरवरी को ही कॉलेज के लिए निकले थे. उनका कॉलेज आज 14 फरवरी को खुलना था. 11 फरवरी तक सभी फोन से संपर्क में थे. पर उनके बाद सभी का फोन बंद हो गया. उन्होंने संपर्क करने की काफी कोशिश की पर संपर्क नही हो पाया. इधर जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो उनमें से एक के मोबाइल का आखरी लोकेशन 12 फरवरी को ओडिसा के संबलपुर में पाया गया. मोबाइल थोड़ी देर के लिए चालू किया गया था फिर बंद हो गया. इधर छात्रों का इस तरह लापता होना चर्चा का विषय बना हुआ है. फिलहाल ओडिसा पुलिस सभी को तलाश में है.








