
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर के मुख्य डायगनल रोड स्थित गजराज मेंशन में 32 लाख रुपये की हुई लूट के मामले को लेकर पुलिस पर चौतरफा दबाव बढ़ गया है. जहां कारोबारी आंदोलन पर उतारु है, वहीं लगातार पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे है. इस सवाल के बीच जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एम तमिल वाणनन ने इस लूटकांड के उदभेदन को लेकर एक टीम बना दी है. यह विशेष टीम इसी मामले की जांच करेगी. उक्त कांड में मानवीय और तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर इस टीम को तत्काल रिजल्ट देने को कहा गया है. इस टीम को हर समय की रिपोर्ट एसएसपी और सिटी एसपी को देने को कहा गया है. सिटी एसपी द्वारा किये जा रहे कार्यों का अनुश्रवण करते हुए कांड में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी और लूट की गयी राशइ की बरामदगी कराना सुनिश्चित करने को कहा गया है. इस टीम में डीएसपी सीसीआर अनिमेश कुमार गुप्ता, बिष्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु कुमार राउत, बिष्टुपुर थाना के सब इंस्पेक्टर विकास कुमार जायसवाल, बिष्टुपुर थाना के सब इंस्पेक्टर अमित कुमार, बिष्टुपुर थाना के सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार माथुरी, आरक्षी रविकांत मिश्रा और आरक्षी विक्रांत शंकर झा को शामिल किया गया है. इसके साथ ही एसएसपी जमशेदपुर ने इस कांड के बाद सभी बैंकों की जांच करने का आदेश जारी कर दिया है. यह पाया गया कि बिष्टुपुर के कैनरा बैंक का जो कैमरा था, वह खराब था. इसको लेकर सभी थाना प्रभारी को कहा गया है कि वे लोग अपने थाना क्षेत्र के सभी बैंकों की जांच करें और बैंकों का नाम, स्थान, बैंक में लगे कैमरों की कुल संख्या, सही हालत में कैमरे की संख्या, खराब हालत में कैमरे की संख्या, डीवीआर में बैकअप ले रहा है या नहीं और कितने दिनों का बैक अप रहता है. सभी कैमरा का एंगल सही रुप में रखा गया है या नहीं, यह सारी जानकारी तत्काल 24 घंटे के भीतर देने को कहा गया है.






