जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. शनिवार को ईंट-बालू कारोबारी सुजीत कुमार झा पर रंगदारी के लिए चाकू से हमला किए जाने के बाद अब बिरसानगर में एक महिला से चेन और मोबाइल छिनतई का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, बिरसानगर जोन नंबर-1बी निवासी कुमारी सुमन के गले से बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली और उनका मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए. विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की. घटना 3 जून की बताई जा रही है, जबकि टेल्को थाना पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता कुमारी सुमन ने पुलिस को दिए बयान में टेल्को के मनीफीट निवासी दिलीप कुमार पर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि दिलीप कुमार ने उनके साथ मारपीट की और सोने की चेन तथा मोबाइल छीनकर फरार हो गया. सुमन के पति का नाम सूर्य नंदन कुमार सिंह बताया गया है. एफआइआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना को किस प्रकार अंजाम दिया गया. गौरतलब है कि जमशेदपुर में महिलाओं के खिलाफ अपराध और छिनतई की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है.






