जमशेदपुर: जमशेदपुर में चेन छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला गुरुवार रात एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा-गाजाडीह शौचालय के पास का है, जहां तीन बदमाशों ने 60 वर्षीय महिला को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन और कान की एक सोने की बाली छीन ली. जानकारी के अनुसार, शंकोसाई रोड नंबर-5 निवासी मंजू देवी दवा लेकर पैदल गाजाडीह स्थित अपने घर लौट रही थीं. (नीचे भी पढ़ें)

रात करीब 8:30 बजे जैसे ही वह तुरियाबेड़ा शौचालय के पास पहुंचीं, तभी पैदल आए तीन युवकों ने घटना को अंजाम दिया. विरोध करने पर झाड़ियों में ढकेल दिया और गला दबाने की कोशिश की. घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने पुलिस के समक्ष विरोध भी जताया. पीड़िता के बेटे ने मामले की लिखित शिकायत एमजीएम थाना में दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है.







