
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत लकड़ी टाल निवासी निर्मला देवी को पड़ोस में रहने वाली गरिमा देवी द्वारा इन दिनों झूठे केस में फंसाने के बाद जान से मारने की धमकी दी जा रही है. इसको लेकर निर्मला एसएसपी से शिकायत करने पहुंची थी. निर्मला ने बताया कि गरिमा द्वारा कुछ लोगों के साथ मिलकर अपने पति करमचंद की पिटाई कर दी गई थी. इस मामले में उसने और बेटे रोहित ने पुलिस को गवाही दी थी. उसके बाद ही गरिमा ने अपने पति पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई और प्राथमिकी में उसका और उसके बेटे रोहित कुमार का नाम डाल दिया. अब गरिमा अन्य लोगों के साथ उसके घर में घुसकर बेटे को झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है और उसकी बेटी को उठा लेने की धमकी देती है. गरिमा उसके घर में घुसकर जान से मारने की धमकी भी दे रही है, जिससे उसके घर में डर का माहौल बना हुआ है.




