जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा स्थित तरुण संघ परिसर में रविवार को भाजपा कदमा मंडल के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में संगठनात्मक मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जमशेदपुर महानगर भाजपा अध्यक्ष द्वारा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श किए बिना तथा संगठन द्वारा निर्धारित उम्र सीमा से अधिक आयु वाले व्यक्ति को कदमा मंडल अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिस व्यक्ति का अपने बूथ स्तर पर कोई विशेष योगदान नहीं रहा, उसे मंडल अध्यक्ष बनाए जाने से संगठन कमजोर होगा. आक्रोशित कार्यकर्ताओं का कहना था कि लंबे समय से पार्टी के लिए मेहनत करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार के निर्णय जारी रहे तो इसका असर आने वाले चुनावों में संगठन की स्थिति पर पड़ सकता है. बैठक में जल्द ही भाजपा के प्रदेश नेतृत्व से मुलाकात कर उन्हें जिला अध्यक्ष के कार्यकलापों की जानकारी देने का निर्णय भी लिया गया. साथ ही, नव घोषित मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग भी की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मंडल अध्यक्ष अमरेन्द्र मल्लिक, अशोक दुबे, राजेश कुमार सिंह, तपन दत्ता, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष भीम सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, द्वीिपल विश्वास, कमल कुमार, डीएन सिंह, विश्वजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.







