जमशेदपुर : गुड़ाबांदा पुलिस ने नाबालिग के साथ जबरन बलात्कार करने व उसे धमकाने के आरोप में तेतुलडांगा निवासी अनुकूल कुमार महतो (44) को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इस मामले में 22 अप्रैल को थाना में मामला दर्ज किया गया था. घटना 21 अप्रैल दोपहर की है. पीड़िता अपने पिता से मिलने गांव पहुंची थी. 21 को वह आरोपी की बेटी और उसकी सहेली से मिलने गई तो अनुकूल अपने घर में अकेले था. तब उसने दरवाजा बंद कर दिया और नाबालिग से जबरन दुष्कर्म किया. इस दौरान विरोध करने पर अनुकूल ने किशोरी के साथ मारपीट भी की थी. इस मामले की संवेदनशीलता को देखते एसएसपी व ग्रामीण एसपी ने इलाके के डीएसपी व मुसाबनी के निरीक्षक के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी. अनुकूल को शनिवार को पुलिस टीम ने धर दबोचा. उसके पास से कांड में प्रयुक्त गमछा व अन्य वस्त्र जब्त किया गया है. घटना के बाद थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लिया था. पीड़िता को सदर अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए भर्ती कराया था. छापामारी दल में थाना प्रभारी के साथ थाना के सहायक अवर निरीक्षक रामचरण साह, चौकीदार सुशांत पातर व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
अपहरण के मामले में बागबेड़ा पुलिस ने दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया
इधर, बागबेड़ा पुलिस ने 26 अप्रैल 2022 को टीआरएफ कॉलोनी से नाबालिग को लेकर फरार होने के मामले में दोनों नाबालिग को बीती रात धर दबोचा. आरोपी नाबालिग किशोर को पुलिस ने रविवार को रिमांड होम भेज दिया है, जबकि नाबालिग किशोरी को चाईल्ड लाइन को सौंपा गया है. प्रभारी थानेदार अनिकेत कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद से ही दोनों जबलपुर में रहने लगे थे. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
मारपीट के मामले में बागबेड़ा पुलिस ने एक को जेल भेजा
एक अन्य मामले में बागबेड़ा पुलिस ने गत 20 अप्रैल को पड़ोसियों के बीच हुई मारपीट के मामले में प्रधान टोला निवासी सोनू कुमार साव को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया.















