
जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह थाना अंतर्गत ग्रीन सिटी के डायमंड ब्लॉक में सुजीत कुमार के घर पर बड़ी चोरी नहीं हुई. इसकी पुष्टि खुद रांची से आई उनकी पत्नी प्रिया वर्मा ने की. प्रिया ने इस मामले में खुद उलीडीह पुलिस को लिखित सूचना दी है. उन्होंने पुलिस को बताया है कि घर का ताला तोड़ा गया और चोर घर से मामूली समान लेकर गए है. बता दे कि सुजीत कुमार 20 दिनों से अपना इलाज कराने वेल्लोर गए है. उनकी पत्नी रांची स्थित मायके में थी. घर की रखवाली उनके मामा राम नरेश कर रहे थे. आज जब राम नरेश फ्लैट पर पहुंचे तो पाया कि फ्लैट का ताला टूटा हुआ है जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
एनएच पर चोरी की ट्रक को कर रहे थे कटिंग, पुलिस ने पकड़ा
एमजीएम थाना अंतर्गत डांगा स्थित पार्किंग में चोरी की ट्रक की कटिंग करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा. हालांकि पुलिस को देखते हुए दो लोग मौके से फरार हो गए. जब पुलिस ने पकड़ाए लोगों से ट्रक के कागजात मांगे तो वे लोग कागजात नही दे पाए. पुलिस सभी को पकड़कर थाने ले गई. पकड़ाए लोगों में बालीगुमा निवासी काशीनाथ महतो, चंदेश्वर कुमार और हिल व्यू कॉलोनी निवासी रणबहादुर यादव शामिल है. वहीं मुन्ना त्रिपाठी और रमेश कबाड़ी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
बागबेड़ा में नाबालिग से छेड़खानी करने वाला गया जेल
बागबेड़ा थाना अंतर्गत बजरंग टेकरी निवासी मिथलेश प्रसाद को पुलिस ने नाबालिग से छेड़खानी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. घटना फरवरी 2021 की है. घटना के बाद से ही मिथलेश फरार चल रहा था. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत थी. शुक्रवार को पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
डोबो पुल के पास कार ने बाइक को मारी टक्कर, बाइक सवार महिला घायल
जमशेदपुर से सटे कपाली थाना अंतर्गत डोबो पुल के पास एक कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. इस घटना से बाइक सवार तीन लोग सड़क पर गिर गए. इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया जहां सभी का इलाज चल रहा है. घायलों मे मकदमपुर निवासी माला देवी, सागर और एक अन्य शामिल है. घटना में माला देवी को गंभीर चोटें आई है. माला को रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया है. घटना के संबंध में सागर ने बताया कि माला उसकी मुंह बोली भाभी है. वे लोग घूमने गए थे और घूम कर वापस घर जा रहे थे. रास्ते में उसे पीछे से एक कार ने टक्कर मार दी जिससे वे लोग घायल हो गए. इधर कपाली थाना प्रभारी ने बताया कि घटना सभी बाइक से जा रहे थे, अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई जिससे सभी घायल हो गए.





