
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर में शुक्रवार की रात बाइक से मोबाइल छिनतई करने वाले तीन बदमाशों को स्थानीय लोगों ने रंगेहाथ धर दबोचा औऱ उनकी पिटाई कर दी. स्थानीय लोगों ने तीनों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़ाए युवको में धातकीडीह हरिजन बस्ती निवासी अजय मुखी, प्रमोद मुखी औऱ अरविंद मुखी शामिल है. इसमें अजय और अरविंद पहले भी चोरी मामले में जेल जा चुके हैं. मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विष्णु राउत ने बताया कि धातकीडीह निवासी शांतनु मुखर्जी एम रोड मे मोबाइल पर बात कर रहे थे. इतने में बाइक पर सवार होकर तीनों युवक पहुंचे और शांतनु से उनका मोबाइल छीन लिया. चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोगों ने पीछा कर उन्हें पकड़ा. पुलिस ने शनिवार को तीनों को जेल भेज दिया. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
मारपीट के पुराने मामले में पुलिस ने दो को भेजा जेल
दूसरी ओर जमशेदपुर की बिष्टुपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र में मारपीट मामले में दो युवकों को जेल भेजा है. मामला जून 2020 का है. पकड़ाए युवकों में अविनाश सिंह और शुभम सिंह शामिल है. दोनों आदित्यपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विष्णु राउत ने बताया कि मामला जून 2020 का है. दोनों के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी था, जिसके आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.







