
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र से शनिवार को भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के जोनल कमांडर मोछू उर्फ मेहनत के दस्ता दल के सक्रिय दो सदस्यों को पकड़ने में चाईबासा पुलिस को सफलता हाथ लगी। इस सबंध में चाईबासा पुलिस को गुप्त सुचना मिली थी। इसी सूचना के आलोक में चक्रधरपुर अनुमंडल एसडीपीओ नाथू सिंह मिणा व सीआरपीएफ 60 बटालियन के द्वारा संयुक्त रूप से क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस सबंध में एसडीपीओ नाथू सिंह मिणा के द्वारा प्रेस वार्ता कर बताया गया कि चाईबासा पुलिस को गोइलकेरा थान क्षेत्र के सांगाजाटा नसंगसाल, बाईहातु इत्यादि गांवों के आसपास जंगल पहाड़ी क्षेत्र में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के मोछू उर्फ मेहनत, सागेन अंगरिया एवं दस्त के अन्य सदस्यों के भ्रमणशील होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए चाईबासा पुलिस, कोबरा-209 बटालियन, सीआरपीएफ-60 बटालियन, सीआरपीएफ-157 बटालियन एवं झारखण्ड जगुआर के बीडीडीएस टीम का संयुक्त अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान समांगसाल से प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के पूर्व से कई काण्डों में वांछित उग्रवादी सिनू अंगरिया व जुगसिंह अंगरिया को गिरफ्तार किया गया। उल्लेखनीय है कि उक्त दोनों अभियुक्त प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के मोछू उर्फ मेहनत एवं सागेन अंगरिया के दस्ते के सक्रिय सदस्य हैं। ये दोनो उग्रवादी आईईडी बम लगाने एवं विस्फोट करने, बरकेला में फॉरेस्ट बिल्डिंग ब्लास्ट एवं कई अन्य घटनाओं में शामिल रहे हैं। गोइलकेरा थाना में दोनो अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है।






