चेन छिनतई की घटनाओं पर नहीं लग रही रोक, न्यू बाराद्वारी में फिर महिला हुई शिकार
जमशेदपुर: जमशेदपुर में चेन छिनतई की घटनाओं पर कमी आने का नाम ही नहीं ले रही है . शहर में रोज ही चेन छिनती की घटना सुनने को मिल जाती है आज मंगलवार ऐसी ही घटना की शिकार मानगो के जवाहरनगर निवासी कोमल खाखा हुई है. मिली जानकारी के अनुसार कोमल खाखा मंगलवार की शाम 4 बजे अपनी स्कूटी से मानगो से अपने मायका साकची के काशीडीह लाइन नंबर 9 की तरफ जा रही थी. इस दरम्यान न्यू बाराद्वारी के तीन कोनिया मैदान के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन की छिनतई कर ली. कोमल ने उन झपटमार बदमाशों का एग्रिको तक पीछे भी किया और इस बीच उसने चिल्लाकर लोगों से मदद भी मांगी थी, लेकिन कोई भी मदद को आगे नहीं आया. घटना के बाद कोमल के भाई आशीष कुमार साहु ने घटना की लिखित शिकायत सीतारामडेरा थाने में की है. आशीष ने जानकारी देते हुए बताया कि झपटमार बदमाश पल्सर बाइक पर सवार थे. पीछे बैठा बदमाश काले रंग का टी-शर्ट पहने हुये थे और बाइक रफ्तार में चला रहा था. चेन के बारे में आशीष ने बताया कि शादी की सालगिरह में कोमला के पति विमलेश खाखा ने उसे गिफ्ट में दिया था. चेन की कीमत 70 हजार रुपये है. घटना के बाद अशीष ने कहा कि दिन-दहाड़े सोने की चेन की छिनतई कर लेने से आम लोगों के बीच दहशत का माहौल पैदा होता है. पुलिस को भी इस दिशा में पहल करनी चाहिये और आगे से इस तरह की घटनायें नहीं हो इसके लिये भी पुलिस को चौकस रहना होगा.
बिरसानगर में बैंककर्मी के घर चोरी
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोन क्रं. वन बी की रहने वाली सिमरन डे जो कि बैंक कर्मचारी है के घर में घुसकर चोरों ने 8 अगस्त की सुबह 4.30 बजे चोरी की घटना को अंजाम दिया. सिमरन ने बताया कि चोर रात के 2.30 बजे से सुबह 4.30 बजे तक घर में थे और चोरी की. चोरों के साथ नकद 1100 रुपये, दो मोबाइल फोन, चार पीस एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य सामान आया है. चोरों के हाथ नकदी समेत अन्य कागजात हाथ लगे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने इसकी जानकारी बिरसानगर थाने पर जाकर दी. पुलिस आस-पास में लगे सीसीटीवी कैमरे से चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. घटना के बाद इलाके में रहने वाले लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है.





