
जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना अंतर्गत कानाश गांव में धान के बंटवारे को लेकर बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की सब्बल से मारकर हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद बड़ा भाई मौके से फरार हो गया. इधर घटना में घायल श्रीमत बेसरा को स्थानीय लोगो की मदद से धालभूमगढ़ सीएचसी ले जाया गया जहां से स्थिती गंभीर होने पर उसे एमजीएम रेफर कर दिया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. मृतक की पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके में रहती है.
इधर सूचना पाकर धालभूमगढ़ थाना प्रभारी संतन तिवारी ने घटना स्थल से हत्या में प्रयुक्त सब्बल जप्त कर लिया है. मिली जानकारी के अनुसार दोनों भाई के बीच धान के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर सब्बल से हमला कर दिया. अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई. फिलहाल पुलिस हत्यारे भाई की तलाश कर रही है.




